मेरठ-दिल्ली हाईवे पर दर्दनाक हादसा: मदद कर रहे ट्रक चालकों को कुचला, दो की मौत, तीन घायल

Panchayat 24 (नोएडा) : मेरठ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात एक के बाद एक हुई टक्करों ने दो लोगों की जान ले ली, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में मेरठ से दिल्ली की ओर आने वाली बीच की लेन में हुआ।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पिकअप वाहन (डीएल 1सी एएच 1790) पीछे से चल रहे ट्रक (एमपी 07 जीए 9111) से टकरा गया। टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन में फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए मौके पर मौजूद तीन ट्रक चालकों ने अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर मदद शुरू की।
इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे सब्जी से लदे ट्रक (यूपी 37 एटी 6693) ने सहायता कर रहे तीनों ट्रक चालकों को टक्कर मार दी। इस दूसरी टक्कर में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान देवेंद्र (34 वर्ष) निवासी शाहजहांपुर और गोविंद चौहान (करीब 35 वर्ष) निवासी आजमगढ़ की मौत हो गई।
वहीं, वीरेंद्र यादव (24 वर्ष), साहिल (बागपत) और हरिओम (35 वर्ष, दिल्ली) का इलाज अस्पताल में जारी है।
सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-58 पुलिस मौके पर पहुंची और एनएचएआई की क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। हादसे के आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



