जिले की कई सड़कों पर रहेगा डायवर्जन, 28 मार्च को घर से निकलने का बना रहे हैं प्लान तो यह खबर आप अवश्य पढ़ें

Panchayat 24 ( ग्रेटर नोएडा जोन) : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर गौतम बुद्ध नगर यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 28 मार्च को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में वीवीआईपी एवं आमजन की बड़ी भागीदारी को देखते हुए एक्सप्रेस-वे आधारित रूट प्लान तैयार किया गया है, जिससे आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके।
यातायात पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के दिन सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे, यमुना एक्सप्रेस-वे और एयरपोर्ट के आसपास के मार्गों पर विशेष व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान भारी (HGV), मध्यम (MGV) और हल्के मालवाहक (LGV) वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। यातायात पुलिस के अनुसार जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर तैयार किया गया यह ट्रैफिक प्लान न केवल वीआईपी मूवमेंट को सुचारू बनाएगा, बल्कि आमजन के लिए भी सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करेगा। एक्सप्रेस-वे आधारित रूटिंग से जाम की स्थिति से बचने में मदद मिलेगी।
एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहनों के लिए रूट प्लान
मेरठ, गाजियाबाद और अन्य पश्चिमी जनपदों से आने वाले वाहन ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से होते हुए सिरसा, गलगोटिया कट और दयानतपुर मार्ग के जरिए निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचेंगे।
मथुरा और अलीगढ़ की ओर से आने वाले वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे के माध्यम से जेवर टोल के बाद निर्धारित कट से उतरकर एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करेंगे।
हापुड़, बुलंदशहर, खुर्जा और सिकंदराबाद क्षेत्र से आने वाले वाहनों को जेवर-खुर्जा मार्ग और जहांगीरपुर-पारोही मार्ग से डायवर्ट किया गया है, जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के लिए विशेष व्यवस्था
नोएडा और ग्रेटर नोएडा से आने वाले वाहन एक्सप्रेस-वे के जरिए निर्धारित इंटरचेंज से उतरकर सर्विस रोड और आंतरिक मार्गों के माध्यम से पार्किंग स्थलों तक पहुंचेंगे।
दनकौर, रोनिजा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि मुख्य रूट पर दबाव कम रहे।
भारी वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान
कार्यक्रम के दौरान जेवर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आगरा की ओर से आने वाले वाहनों को पहले ही यू-टर्न लेकर वापस डायवर्ट किया जाएगा। पलवल और खुर्जा की दिशा से आने वाले कमर्शियल वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर भेजा जाएगा। ईस्टर्न पेरिफेरल और अन्य हाईवे का उपयोग कर लंबी दूरी के वाहन अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
पार्किंग व्यवस्था का व्यापक इंतजाम
एयरपोर्ट परिसर के आसपास पी-01 से पी-15 तक विभिन्न श्रेणियों की पार्किंग निर्धारित की गई हैं। मेरठ से आने वाले वाहन पी 06, गाजियाबाद से आने वाके वाहन पी 07, मथुरा से आने वाले वाहन, पी 05, अलीगढ़ से आने वाले वहां पी 09 और पी 11, बुलंदशहर से आने वाले वाहन पी 13 और हापुड़ से आने वाले वाहन पी 14 पार्किंग में खडे होंगे।

वीआईपी और वीवीआईपी लोगों के वहां जेवर एयरपोर्ट के लिए बने इंटरचेंज से होते हुए पी1, पी2, और पी 3 पार्किंग में वाहन में पार्क करेंगे। मीडिया जगत से जुड़े लोग किशोरपुरा से होते हुए पी 8 पार्किंग में अपने वाहन पार्क करेंगे। जबकि शिवम प्रशासनिक अधिकारियों के वहां किशोरपुरा के पास से प्रवेश करते हुए पी 10 पार्किंग में पार्क होंगे। जबकि प्रशासनिक बस दयानंदपुर गांव की तरफ से प्रवेश कर पी 15 पार्किंग में पार्क होगी। दोपहिया और हल्के वाहनों के लिए भी अलग स्थान निर्धारित किया गया है। पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक शटल सेवा की व्यवस्था रहेगी।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट प्लान का पालन करें और अनावश्यक रूप से एयरपोर्ट क्षेत्र की ओर न जाएं। किसी भी असुविधा की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है।
यातायात पुलिस की अपील



