अन्य जिलेउत्तर प्रदेशबुलंदशहर

दादरी पुलिस को जिस घंटा चोर की थी तलाश, बुलंदशहर पुलिस ने किया गिरफ्तार

Panchayat 24 (बुलंदशहर) : दादरी स्थित पुरानी अनाज मंडी के मंदिर से घंटा चोरी की घटनाओं में सक्रिय एक शातिर गिरोह को पकड़ने में बुलंदशहर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से दादरी सहित आसपास के क्षेत्रों में मंदिरों से घंटा चोरी करने वाले इस गिरोह की तलाश की जा रही थी, जिसे अब थाना कोतवाली देहात पुलिस ने दबोच लिया है।

पुलिस के अनुसार बीती 31 जनवरी को नियमित चेकिंग के दौरान नहर पुल के पास से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से चोरी किए गए तीन घंटे, चोरी में प्रयुक्त उपकरण और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नहर की पटरी से आठ अन्य चोरी के घंटे भी बरामद किए गए। इस तरह कुल 11 घंटे पुलिस के कब्जे में आए हैं। इनकी बाजार में कीमत लगभग दो लाख रुपये है।

गिरफ्तार आरोपी आपस में भाई हैँ। आरोपियों की पहचान अमित और सुमित के रूप में हुई है, जो थाना शिकारपुर क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी मंदिरों से घंटे चोरी कर उन्हें कबाड़ियों और अन्य लोगों को बेच देते थे, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ होता था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक यह गिरोह बुलंदशहर के देहात, खुर्जा नगर, चोला और गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र में मंदिरों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। अलग-अलग थानों में इनके खिलाफ पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मंदिरों से घंटे चोरी करने के मामले शामिल हैं।

गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद थाना कोतवाली देहात पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा और अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है।

Related Articles

Back to top button