पूर्व प्रधानमंत्री को मारी गोली, हालत नाजुक, जानिए क्या है पूरा मामला ?
Former prime minister shot, condition critical, know what is the whole matter?
Panchayat 24 : जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर शुक्रवार जानलेवा हमला हुआ। हमले में शिंजो आबे गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें तुरन्त अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वर्तमान प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा भी उस अस्पताल में जा रहे हैं जहां पर शिंजो आबे का उपचार चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने एक हमलावर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हमलावर के पास से एक गन भी बरामद की है।
भाषण देते समय हुआ हमला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शिंजो आबे पर यह हमला उस वक्त हुआ जब वह नारा शहर में भाषण दे रहे थे। भाषण देते समय वह अचानक जमीन पर गिर पड़े। लोग कुछ समझ ही नहीं सके। तभी घटनास्थल पर काफी खून बहने लगा। इसके बाद ही लोग कुछ समझ सके कि किसी ने शिंजो आबे पर हमला किया है। कुछ लोगों ने गोली चलने की बात भी कही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लोगों ने दो गोली चलने की बात कह रहे हैं। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। बता दें कि जापान में उच्च सदन के लिए चुनाव होना है। इसके लिए किए जा रहे प्रचार के लिए एक कार्यक्रम में शिंजो आबे भाषण दे रहे थे। पुलिस हमलावर से पूछताछ कर रही है।
दिल का दौरा पड़ने से हालत चिंताजनक
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हमले के दौरान शिंजो आबे के सीने में गोली लगी है। काफी खून बहने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस दौरान उन्हें दिल का दौरा भी पड़ा है। इससे उनकी हालत और भी अधिक चिंताजनक बन गई है।
जापान में सबसे लम्बे समय तक प्रधानमंत्री रहे है शिंजो आबे
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी से जुडकर सक्रिय राजनीति का हिस्सा रहे हैं। वह लगभग 9 सालों तक जापान के प्रधानमंत्री रहे हैं। वह जापान के सबसे लम्बे समय तक प्रधानमंत्री के पद पर रहे हैं। पहली बार वह साल 2006 से 2007 तक प्रधानमंत्री के पद पर बने रहे। इसके बाद वह साल 2012 से साल 2020 तक प्रधानमंत्री के पद पर बने रहे। बीमारी के कारण उन्हें प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा।
शिंजो आबे के दौर में भारत जापान रिश्तों को मिली नई पहचान
शिंजो आबे को भारत से अच्छे सम्बन्धों के लिए याद किया जाता है। उनके शासनकाल में भारत जापान रिश्तों को नई पहचान मिली थी। इतना ही नहीं भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके दोस्ताना रिश्तों की दुनिया में चर्चा होती है। भारत जापान सम्बन्धों में उनके योगादान के लिए भारत ने शिंजो आबे को पदविभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया था।