यूपीआईटीएस के उद्घाटन के अवसर पर मंच से उपराष्ट्रपति ने बताया कैसी थी पूर्व में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था ?

Panchayat 24 : ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एण्ड मार्ट में शुरू हुए यूपीआईटीएस 2024 के उद्घाटन के अवसर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मंच से अपने भाषण के दौरान उत्तर प्रदेश की पूर्व में कानून व्यवस्था के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश में निवेश के लिए कानून बड़ी भूमिका निभाती है। एक समय था जब उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की चुनौतियां थी। भय का माहौल था। विकास की संभावनाएं बहुत कम थी। वर्तमान में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। यह परिवर्तन अकल्पनीय है। भ्रष्टाचार यूपी में अब अतीत की बात हो गई है। कभी बीमारू राज्यों में शामिल उत्तर प्रदेश अब देश की बड़ी ताकत बन गया है।
उन्होंने कहा कि यूपी 2027 तक वन ट्रिलियन डॉलर के लक्ष्य तक पहुंचने की क्षमता रखता है। यहां बुनियादी ढांचे पर बड़े पैमाने पर ध्यान केंद्रित करना इसे शक्तिशाली राज्य बनाता है। नोएडा ने यूपी के सकल घरेलू उत्पाद में 10 प्रतिशत का योगदान दिया है। यह शहर कौशल से भरपूर है। यह राज्य के विकास का इंजन है और देश को आगे ले जाने के लिए तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने आगे कहा कि यह केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि सभी के लिए अवसरों की टोकरी है। यह कार्यक्रम आत्मनिर्भर भारत और स्थानीय से वैश्विक के मंत्र को साकार करने वाला है। उन्होंने कहा कि देश में बहुत बड़ा महायज्ञ हो रहा है, जो 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को पूरा करेगा, इसमें हम सभी को भी आहुति देनी होगी।