उत्तर प्रदेश

गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन में सस्‍पेंस बरकरार, जानिए कांग्रेस और सपा के दोवदारों के नाम

Suspense continues in India alliance on Gautam Buddha Nagar Lok Sabha seat, know the names of Congress and SP's rivals.

Panchayat 24 : लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर उत्‍तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर अभी सस्‍पेंस बरकरार है। पश्चिम उत्‍तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और आरएलडी के बीच समझौता हो चुका है। समझौते के अनुसार आरएलडी 7 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके बावजूद दिल्‍ली एनसीआर की अहम सीट गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट को लेकर इंडिया गठबंधन में सस्‍पेंस लगातार बना हुआ है। इसका कारण समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग है। हालांकि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को उत्‍तर प्रदेश में 11 सीटें देने की बात कहते हुए अपनी 16 प्रत्‍याशियों की पहली सूची भी जारी कर दी है।

कांग्रेस की लखनऊ बैठक के बाद बदले समीकरण

कांग्रेस ने बुधवार को लखनऊ में हुए बैठक के बाद उत्‍तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन के समीकरण तेजी से बदले हैं। बैठक में समाजवादी पार्टी पर दबाव की राजनीति का आरोप लगाया है। कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्‍यक्ष को दबाव में नहीं आने की नसीहत देते हुए उत्‍तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। बैठक में राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल भी चुनाव को लेकर कांग्रेस नेताओं की राय जानी। प्रदेश कांग्रेस की तरफ से सभी सीटों के लिए बनाए गए समन्वयकों से संभावित उम्मीदवारों के नाम मांगे गए हैं। हालांकि राजनीतिक जानकार कांग्रेस के इस फैसले को समाजवादी पार्टी के दिया गया कूटनीतिक संदेश मान रहे हैं। कांग्रेस उत्‍तर प्रदेश में गठबंधन चाहती है और अधिक सीटें चाहती है। कांग्रेस सूत्रों की माने तो पार्टी गठबंधन में उत्‍तर प्रदेश की 21 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। वहीं, समाजवादी पार्टी सूत्रों की माने तो लगभग 15 से 16 सीटों पर दोनों पार्टियों में सहमति बन जाएगी।

गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर इडिया गठबंधन के पास खोने के लिए कुछ नहीं

इंडिया गठबंधन में गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट को लेकर काफी ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर गठबंधन की दो पार्टियों समाजवादी पार्टी या कांग्रेस पार्टी  का उम्‍मीदवार ही चुनाव लड़ेगा। गठबंधन की तीसरी पार्टी आरएलडी का इस सीट पर जनाधार नहीं है। वर्तमान में इस सीट पर खोने के लिए बहुत कुछ नहीं है। हालांकि समाजवादी पार्टी इस लोकसभा सीट पर दूसरे स्‍थान वाली पार्टी जरूर है। इसके बावजूद दोनों ही पार्टियों की स्थिति यहां पर भाजपा की अपेक्षा बेहद कमजोर है।  गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट को लेकर समाजवादी पार्टी में मतभेद हैं। पार्टी का एक धड़ा चाहता है कि गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर उनका ही उम्‍मीदवार चुनाव लड़े। वहीं, एक धड़े का मानना है कि इस सीट पर समाजवादी पार्टी के लिए बहुत कुछ करने के लिए नहीं है। ऐसे में गठबंधन में यह सीट कांग्रेस को देकर प्रदेश की दूसरी सीट पर पार्टी अपनी दावेदारी पेश करे। वहीं, कांग्रेस भी इस बात को समझ रही है कि पश्चिम उत्‍तर प्रदेश की गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद लोकसभा सीटों को समाजवादी पार्टी गठबंधन में कांग्रेस के लिए छोड़कर प्रदेश की दूसरी सीटों पर अपनी दावेदारी के लिए पार्टी पर दबाव बनाएगी।

गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर कांग्रेस और सपा के पास है दावेदारों की लंबी सूची 

भले ही गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट को लेकर इंडिया गठबंधन में कुछ तय नहीं हुआ है। इसके बावजूद कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के पास इस लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने वाले दावेदारों की लंबी सूची है। यदि कांग्रेस की बात की जाए तो इस सीट पर जिलाध्‍यक्ष दिनेश शर्मा, दीपक भाटी चोटीवाला, अजय चौधरी, राम भरोसे शर्मा, पूनम पंडित, दिनेश अवाना, मुकेश यादव और हेमचंद नागर का नाम प्रमुख है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्‍व ने लखनऊ में हुई बैठक के बाद जिले से दो नाम मांगे हैं। दीपक भाटी चोटीवाला और पार्टी के जिलाध्‍यक्ष दिनेश शर्मा के नाम पार्टी नेतृत्‍व के पास भेजे गए हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी की संगठनिक स्‍तर पर गौतम बुद्ध नगर में स्थित बेहतर है। समाजवादी पार्टी के पास भी चुनाव लड़ने वालों कुछ दावेदारों के बॉयोडाटा आए हैं। इनमे डॉ महेन्‍द्र नागर, फकीरचंद नागर, विकास भाटी और राहुल अवाना आदि के नाम शामिल है। सूत्रों की माने तो पार्टी नेतृत्‍व ने गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर पार्टी के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता राजकुमार भाटी को चुनाव लड़ाने का विचार किया था। लेकिन राजकुमार भाटी ने निजी कारणों से चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया। वहीं, बसपा छोड़कर सपा में शामिल हुए जिला पंचायत सदस्‍य गजराज नागर इस दौड़ में शामिल थे। लेकिन उन्‍होंने भी चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। सूत्रों के अनुसार समाजवादी पार्टी से बाहर के कुछ चेहरे भी समाजवादी पार्टी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। पार्टी नेतृत्‍व से इनकी बातचीत चल रही है। हालांकि इंडिया गठबंधन में गौतम बुद्ध नगर लोकसभा चुनाव का भाग्‍य कांग्रेस और समाजवादी पार्टी नेतृत्‍व की बातचीत के बाद होने वाले निर्णय पर निर्भर करता है।

Related Articles

Back to top button