यमुना प्राधिकरण

एयरपोर्ट पर उड़ान से पूर्व यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में महंगी हुई सम्पत्ति, 11.83 हजार करोड़ का बजट प्रस्तावित

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा/यीडा) : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीड़ा ) की 89वीं बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के चेयरमैन एवं मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश, अलोक कुमार की ओर से की गई, जिसमें औद्योगिक, आवासीय और वाणिज्यिक विकास से जुड़े एजेंडे पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में सबसे अहम निर्णय विभिन्न परिसंपत्तियों की आवंटन दरों में वृद्धि का रहा। प्राधिकरण ने मौजूदा परिस्थितियों और मुद्रास्फीति को ध्यान में रखते हुए दरों में औसतन 3.58 प्रतिशत तक बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। नई दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगी। इसके साथ ही दरों की समीक्षा के लिए एक समिति गठित की गई है, जो जल्द अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्राधिकरण ने 11,82,989.19 लाख रुपये की आय और 11,81,101.46 लाख रुपये के व्यय का बजट प्रस्तावित किया है। बजट में औद्योगिक और संस्थागत विकास, भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्यों पर विशेष जोर दिया गया है। इससे क्षेत्र में आधारभूत ढांचे के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा, बोर्ड ने जेवर क्षेत्र में विकसित किए जा रहे अर्बन सेंटर की परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने को कहा गया है।

बैठक में एक और महत्वपूर्ण निर्णय के तहत जेवर क्षेत्र में ट्रैफिक पार्क कम ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने की योजना को मंजूरी दी गई। यह केंद्र सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। परियोजना के संचालन के लिए उपयुक्त मॉडल तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

प्राधिकरण के इन फैसलों से यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में निवेश और विकास गतिविधियों को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button