नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वीवीआईपी कार्यक्रम की तैयारी तेज, अपर मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण

Panchayat 24 (जिला प्रशासन/यीड़ा) : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर पर प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने हेलीपैड, पार्किंग क्षेत्र, प्रवेश-निकास मार्ग और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं तय समय के भीतर उच्च मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं।
इसके बाद एयरपोर्ट परिसर स्थित प्रशासनिक भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर मुख्य सचिव ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यातायात प्रबंधन को लेकर भी उन्होंने विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने वैकल्पिक मार्गों की पूर्व योजना बनाने, ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी समय से आम लोगों तक पहुंचाने और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
अपर मुख्य सचिव ने साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं को दुरुस्त रखने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ करें, ताकि कार्यक्रम सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
इस दौरान विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, विशेष सचिव मुख्यमंत्री ईशान प्रताप सिंह, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना विकास प्राधिकरण शैलेंद्र भाटिया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ क्रिस्टोफ श्रेलमैन, सीओओ किरन जैन सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार उप जिलाधिकारी जेवर अभय दुर्गेश सिंह, डीसीपी पूनम मिश्रा, एसीपी जेवर सार्थक सेंगर सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।



