दादरी नगरपालिका प्रकरण का समाधान जिलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी के लिए चुनौती, सतेन्द्र सिसौदिया से भी मिले सभासद
Solution of Dadri Municipality issue a challenge for District President Gajendra Mavi, councilor also met Satendra Sisodia

Panchayat 24 : दादरी नगरपालिका परिषद में नगरपालिका अध्यक्ष और अधिशासी अभियंता तथा सभासदों के बीच चल रहे कलह ने भाजपा जिला कार्यालय में दस्तक दे दी है। त्याग पत्र देने वाले सभासदों ने भाजपा जिलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी। वहीं सभासदों ने भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सतेन्द्र सिंह सिसौदिया से भी मुलाकात की है। इसके बावजूद मामला शांत होता नहीं दिख रहा है। सभासद 28 फरवरी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल एवं धरने पर अड़े हुए हैं। इन सभासदों में लगभग आधे सभासद भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। वहीं, जिले में पार्टी में समन्वय एवं तारतम्य बनाए रखने की जिम्मेवारी नवनियुक्त जिलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी के कंधों पर है। दादरी नगरपालिका प्रकरण के रूप में पहला जटिल मामला उनके सामने आया है इसमें प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से दोनों पक्ष पार्टी से जुड़े हुए हैं। वहीं, विरोधी दल भी इस प्रकरण पर नजर लगाए हुए हैं। ऐसे में लोकसभा चुनाव से पूर्व इस मामले का सकारात्मक समाधान तलाशना भाजपा जिलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी के सामने किसी चुनौती से कम नहीं है।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, जिले की एकमात्र नगरपालिका परिषद दादरी में नगरपालिका अध्यक्ष गीता पंडित और सभासदों के बीच शीत युद्ध चल रहा है। 15 सभासदों ने नगरपालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अभियंता पर भ्रष्टाचार एवं मनमानी के आरोप लगाते हुए अपने त्याग पत्र मुख्यमंंत्री पोर्टल पर डाले थे। उन्होंने अपने त्याग पत्र की कॉपी जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा को भी सौंपी थी। वहीं, नगरपालिका अध्यक्ष ने सभासदों के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मामले में हर प्रकार की जांच करने की बात कही है। उन्होंने सभासदों के इस कदम को दबाव बनाने की रणनीति बताया है। सभासदोंं की मांग है कि नगरपालिका में सभासदों की निगरानी कमेटियां बनाई जाएं। नगर में सरकारी जमीनों पर भूमाफियाओं द्वारा किए जा रहे कब्जे को हटाया जाए। उन्होंने आगामी 28 फरवरी से अनिश्चितकालीन भूखहड़ताल शुरू करने एवं धरने पर बैठने की घोषणा भी कर दी है।
दादरी नगरपालिका प्रकरण ने भाजपा जिला कार्यालय में दी दस्तक
दरअसल, इस पूरे प्रकरण के केन्द्र में भारतीय जनता पार्टी भी है। दादरी नगरपालिका परिषद अध्यक्ष गीता पंडित भारतीय जनता पार्टी की सक्रिय सदस्य हैं। उनके स्वर्गवासी पति विजय पंडित भी जिले में भारतीय जनता पार्टी की राजनीति में बड़ा चेहरा थे। उनकी दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। विजय पंडित के समय से ही गीता पंडित दादरी नगरपालिका का प्रतिनिधित्व कर रही है। भारतीय जनता पार्टी मजबूती से गीता पंडित के समर्थन में खड़ी रही है। पार्टी ने तीसरी बार उन्हें नगरपालिका परिषद अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया है।
वहीं, नगरपालिका में भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष गीता पंडित और अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला पर मनमानी करने और खुद की अनदेखी के आरोप लगाने वाले 15 सभासदों में लगभग आधे सभासद भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं। सभासदों ने जहां शासन एवं प्रशासन स्तर पर इस प्रकरण की शिकायत की है। वहीं, इन सभासदों ने बीते शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय पहुंचकर पार्टी जिलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी से मुलाकात करके पूरी बात बताई और अपना पक्ष रखा। सभासदों ने गजेन्द्र मावी को अपनी मांगों से भी अवगत कराया है।
सभासदों के अनुसार पार्टी कार्यालय पर ही उनकी मुलाकात भाजपा के पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया से भी हुई मुलाकात हुई। सभासदों ने उन्हें भी पूरे प्रकरण के बारे में जानकारी दी। चूंकि यह मामला जिले में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ है। ऐसे में प्रकरण के समाधान के प्रयासों का सफल अथवा असफल होना जिलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी के खाते में जाएगा। दादरी नगरपालिका परिषद प्रकरण जिलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी के सामने किसी जटिल चुनौती के रूप में सामने आया है। यदि यह मामला अधिक समय तक चला तो विपक्षी दल आगामी लोकसभा चुनाव में इसको मुद्दा बना सकते हैं। ऐसे में इस प्रकरण में जिलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी की कुशल सांगठनिक एवं निर्णय क्षमताओं की परीक्षा होगी।
क्या कहते हैं सभासद ?
इस प्रकरण में त्याग पत्र देने वाले सभासद जिलाध्यक्ष एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष से मिले आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं। वार्ड संख्या 16 के सभासद आदेश भाटी ने बताया कि हमने भाजपा के जिलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया के सामने अपनी बातें रखी है। उन्होंने समस्या समाधान का आश्वासन जरूर दिया है। लेकिन उनका रूख संतुष्टि भरा नहींं था। ऐसे में सभासद अपने अनिश्चित भूखहड़ताल एवं धरने के फैसले पर कायम हैं।
क्या कहते हैं भाजपा के पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष ?
इस संबंध में भाजपा के पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया का कहना है कि उनकी दादरी नगरपालिका परिषद के सभासदों से मुलाकात हुई है। दोनों पक्षों से इस बारे में बातचीत कर समाधान तलाशा जाएगा।
क्या कहते हैं गौतम बुद्ध नगर भाजपा जिलाध्यक्ष ?
इस संबंध में भाजपा गौतम बुद्ध नगर जिलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी का कहना है कि दादरी नगरपालिका के त्याग पत्र देने वाले सभासदों ने उनसे मुलाकात की है। उनकी बातों को सुना गया है। जल्द ही दादरी नगरपालिका अध्यक्ष से भी इस प्रकरण पर बात की जाएगी। दोनों पक्षों से बातचीत के बाद समस्या का सकारात्मक हल निकाल लिया जाएगा।