जिला प्रशासनयमुना प्राधिकरण

नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे कीआपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली, आधारभूत संरचना एवं चिकित्सा समन्वय को सुदृढ़ बनाने के लिए एयरपोर्ट इमरजेंसी प्लानिंग कमेटी व एयरपोर्ट पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में YIAPL (वाईआईएपीएल) के प्रशासनिक कार्यालय, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सभागार में नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए एयरपोर्ट इमरजेंसी प्लानिंग कमेटी (AEPC) और एयरपोर्ट पर्यावरण प्रबंधन समिति (AEMC) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से हवाई अड्डे की आपातकालीन तैयारियों, संरचित समन्वय व्यवस्था तथा आधुनिक आधारभूत संरचना का विस्तृत अवलोकन किया गया।


जिलाधिकारी ने अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, डीडीएमए, यमुना विकास प्राधिकरण, एपीएचओ आदि संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी भागीदार एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने समिति से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

उन्होंने बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय की आपदा प्रबंधन योजना-2016 तथा DGCA के प्रावधानों के अंतर्गत गठित यह समिति हवाई अड्डे की आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा, अद्यतन तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने वाली शीर्ष इकाई के रूप में कार्य करती है।
बैठक के दौरान हवाई अड्डे की आपातकालीन व्यवस्थाओं का व्यापक मूल्यांकन किया गया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं के संदर्भ में सामूहिक दुर्घटनाओं से बेहतर ढंग से निपटने की तैयारियों पर विशेष जोर दिया।


बैठक में अब तक आयोजित विभिन्न मॉक ड्रिल एवं आपातकालीन अभ्यासों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जाए। साथ ही बिना अनुमति नो-फ्लाइंग जोन में ड्रोन उड़ाने पर सख्त प्रतिबंध लागू करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त एयरपोर्ट की परिधि से 18 किलोमीटर की दूरी तक लेजर लाइट के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।


यमुना विकास प्राधिकरण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्धारित कलर कोड के अनुरूप भवनों की ऊंचाई से संबंधित प्रस्ताव को बोर्ड बैठक में अनुमोदित कराया जाए। अनुमोदन प्राप्त होने के बाद ही भवन निर्माण किया जाए, जिससे हवाई अड्डा क्षेत्र की सुरक्षा और मानकों को व्यवस्थित रूप से बनाए रखा जा सके। उन्होंने नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से प्रभावित क्षेत्रों में यमुना विकास प्राधिकरण एवं नगर पालिका जेवर के संबंधित अधिकारियों को आसपास के क्षेत्रों में कूड़े के समुचित निस्तारण को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।


बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, एसीपी सार्थक सेंगर सहित पुलिस, अग्निशमन, सीआईएसएफ, एनडीआरएफ, आपातकालीन सेवाओं, DGCA, एपीएचओ तथा नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रबंधन टीम के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button