यमुना प्राधिकरण

यीड़ा में औद्योगिक विकास को रफ्तार: ट्रैक्टर और फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स के लिए भूमि आवंटन, पांच हजार से अधिक लोगों के लिए रोजगार का रास्ता साफ

Panchayat 24 (यीड़ा) : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्राधिकरण ने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए प्रमुख कंपनियों को भूमि आवंटित की है, जिससे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार सृजन की संभावनाएं बढ़ गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर एवं निर्माण उपकरण क्षेत्र की प्रमुख कंपनी Escorts Kubota Limited को सेक्टर-10 में लगभग 154 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी यहां अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करेगी, जहां ट्रैक्टर और कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट का उत्पादन किया जाएगा। इस परियोजना में करीब 2000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है और लगभग 4000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

इसी क्रम में, CNH Industrial India Pvt. Ltd. को सेक्टर-8डी में 100 एकड़ भूमि दी गई है। कंपनी यहां ट्रैक्टर निर्माण इकाई स्थापित करेगी। इस परियोजना में लगभग 1200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा और करीब 1200 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

इसके अलावा, Sun Organic Industries Pvt. Ltd. को भी सेक्टर-8डी में 30,000 वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई है। कंपनी यहां ड्राई फ्रूट प्रोसेसिंग और पैकेजिंग यूनिट स्थापित करेगी। इस परियोजना के तहत लगभग 225 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे 500 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं के शुरू होने से यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र औद्योगिक हब के रूप में तेजी से उभरेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

Related Articles

Back to top button