नोएडा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्घाटन और अंतर्राष्ट्रीय फिल्म सिटी का शिलान्यास साथ – साथ !

Panchayat 24 (यीड़ा) : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र के जेवर क्षेत्र में निर्माणाधीन नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के उद्घाटन और सेक्टर-21 में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के शिलान्यास को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, दोनों महत्वपूर्ण कार्यक्रम एक ही मंच से संपन्न किए जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक, 15 फरवरी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का औपचारिक उद्घाटन किया जा सकता है। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट बहुप्रतीक्षित अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी परियोजना का शिलान्यास भी किए जाने की तैयारी चल रही है।
बताया जा रहा है कि जेवर में निर्माणाधीन एयरपोर्ट का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और उद्घाटन से संबंधित अधिकांश औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। दूसरी ओर, लंबे समय तक असमंजस की स्थिति में रही अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी परियोजना भी अब धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है। प्रस्तावित स्थल पर फिल्म सिटी की कंसेशनर कंपनी बेव्यू भूटानी फिल्म प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा भूमि चिन्हांकन और चारदीवारी का कार्य शुरू कर दिया गया है।
फिल्म सिटी से जुड़े विकासकर्ताओं का दावा है कि वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले परियोजना के पहले चरण को पूरा कर लिया जाएगा। शिलान्यास समारोह को भव्य स्वरूप देने की योजना है, जिसमें फिल्म जगत की कई नामचीन हस्तियों की उपस्थिति रहेगी। सूत्रों के अनुसार, इस अवसर पर विशेष रूप से तैयार किए गए सेट पर कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। फिल्म की शूटिंग भी की जाएगी।
गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के लिए कुल 231 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए प्रसिद्ध फिल्म निर्माता बोनी कपूर और भूटानी समूह के संयुक्त उपक्रम को कंसेशनर के रूप में चयनित किया गया है। योजना के तहत 156 एकड़ क्षेत्र में स्टूडियो, फिल्म प्रशिक्षण संस्थान, विश्वविद्यालय और विभिन्न शूटिंग लोकेशन विकसित किए जाएंगे, जबकि शेष 75 एकड़ भूमि पर व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।
करीब एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाली इस परियोजना से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। यमुना प्राधिकरण इस परियोजना को सफल बनाने के लिए लगातार समन्वय और सहयोग में जुटा हुआ है।



