नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लोकार्पण की तैयारियों का मुख्यमंत्री ने किया निरिक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Panchayat 24 (जिला प्रशासन/यीड़ा): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर के आगामी लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को एयरपोर्ट स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान एयरपोर्ट परिसर के विभिन्न हिस्सों—पैसेंजर टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल, रैली स्थल, पार्किंग क्षेत्र, हेलीपैड और प्रमुख मार्गों—का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की स्थिति की जानकारी ली और यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुरूप समय से पूरी हों।
दरअसल, 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ कार्गो टर्मिनल का लोकार्पण और एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ऑपरेशन) परियोजना का शिलान्यास प्रस्तावित है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।
निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, वैकल्पिक मार्गों और भीड़ नियंत्रण जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक जिम्मेदारी तय समयसीमा में पूरी की जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, विशिष्ट अतिथियों, मीडिया और आम जनता की भागीदारी को देखते हुए व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और प्रभावी होनी चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम को भव्य और अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार और ब्रांडिंग पर भी जोर दिया।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल से जुड़े मार्गों की सफाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सेवाएं, अग्नि सुरक्षा और साइनेज जैसी मूलभूत सुविधाओं को समय से पहले सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पार्किंग स्थलों पर मोबाइल शौचालय, हेल्प डेस्क और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था न हो। साथ ही, विभिन्न ब्लॉकों में पुलिस बल और वालंटियर्स की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इस अवसर अपर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन दीपक कुमार, सचिव मुख्यमंत्री अमित सिंह, मंडलायुक्त मेरठ मंडल, मेरठ भानु चंद्र गोस्वामी, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, विशेष सचिव माननीय मुख्यमंत्री ईशान प्रताप सिंह , नोएडा एयरपोर्ट के नोडल अफसर शैलेन्द्र भाटिया सहित जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा पर चर्चा की गई और तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की गई।



