ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

भनौता में अवैध निर्माण पर प्राधिकरण की सख्ती, 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र किया गया खाली

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम भनौता में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। बुधवार को खसरा संख्या 135 स्थित भूमि पर चलाए गए इस अभियान में लगभग 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्राधिकरण के अनुमान के अनुसार, खाली कराई गई जमीन की बाजार कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना विभाग की वर्क सर्किल-2 टीम द्वारा की गई। मौके पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के बीच बुल्डोजर चलाकर अवैध रूप से की जा रही बाउंड्री और प्लॉटिंग को पूरी तरह हटाया गया। बताया गया कि संबंधित भूमि पर कालोनाइजर बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने की कोशिश कर रहे थे।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या नक्शा स्वीकृत कराए किए गए किसी भी प्रकार के निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने आम लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि अवैध कॉलोनियों में निवेश कर नुकसान से बचा जा सके।

वहीं, परियोजना विभाग के महाप्रबंधक ए.के. सिंह ने बताया कि खसरा संख्या 135 पर अवैध निर्माण की शिकायत मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा निर्माण का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button