ग्रेटर नोएडा जोन

अवैध रिश्तों की साजिश में पति की निर्मम हत्या, पत्नी समेत चार गिरफ्तार

Panchayat 24 ( ग्रेटर नोएडा) : दादरी थाना क्षेत्र के कठहैरा रोड स्थित शिव वाटिका कॉलोनी में मिले अज्ञात शव प्रकरण का पुलिस ने सनसनीखेज पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया कि विवाहेतर संबंधों के चलते पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मृतक की पत्नी भी शामिल है।

जानकारी के अनुसार 16 फरवरी को शिव वाटिका कॉलोनी के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने सोशल मीडिया, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय पूछताछ के आधार पर मृतक की पहचान घोड़ी बछेड़ा गांव निवासी गोविंद रावल उर्फ भूरा, पुत्र भूदेव के रूप में की। प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने वीरवार को कोट नहर चक्रसेनपुर मार्ग पर मुठभेड़ के बाद रोहित रावल (निवासी घोड़ी बछेड़ा) और नफीस (निवासी दादरी) को दबोच लिया। इसके अलावा म्यू-2 सेक्टर से धर्मेंद्र तथा मृतक की पत्नी प्रीति देवी को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार (बाका), तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि गोविंद रावल अपनी पत्नी और पांच बच्चों के साथ गांव में रहता था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पत्नी प्रीति के गांव के ही रोहित के साथ पिछले दो वर्षों से अवैध संबंध थे। बताया गया कि गोविंद अक्सर शराब के नशे में पत्नी से मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

योजना के तहत 12 फरवरी को रोहित और उसका मित्र धर्मेंद्र, गोविंद को शराब पिलाने के बहाने अपने साथ ले गए। बाद में कठहैरा गांव के पास एक सुनसान प्लॉट में उसे अधिक मात्रा में शराब पिलाई गई। नशे की हालत में रोहित ने गोविंद को काबू में किया और नफीस ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। वारदात के बाद शव को चारदीवारी के निकट फेंककर आरोपी फरार हो गए।

बताया गया कि 15 फरवरी को रोहित और धर्मेंद्र दोबारा मौके पर पहुंचे और शव को दूसरी जगह ले जाकर छिपाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से विस्तृत पूछताछ के बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाए जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button