यमुना एक्सप्रेसवे अपैरल पार्क में निवेश का बढ़ता आकर्षण, तेजी से हो रहा है आवंटन

Panchayat 24 (लखनऊ/ग्रेटर नोएडा):
प्रदेश को टेक्सटाइल और अपैरल क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनाने की दिशा में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक क्षेत्र में विकसित किया जा रहा अपैरल पार्क तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। 175 एकड़ में विकसित हो रही यह योजना न केवल औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित कर रही है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रही है।
प्राधिकरण द्वारा विकसित इस अपैरल पार्क में कुल 173 औद्योगिक भूखंडों की योजना बनाई गई है, जिन्हें अपैरल और टेक्सटाइल क्षेत्र से जुड़ी इकाइयों को आवंटित किया जा रहा है। 22 जनवरी 2026 तक 156 भूखंडों का आवंटन पूरा हो चुका है, जबकि केवल 17 भूखंड अभी शेष हैं। अब तक 106 इकाइयों के साथ लीज डीड निष्पादित की जा चुकी है और 89 निवेशकों को भूखंडों का भौतिक कब्जा भी सौंप दिया गया है। यह स्थिति प्रदेश में निवेश के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।
अपैरल पार्क में औद्योगिक गतिविधियां भी तेजी पकड़ रही हैं। अब तक 118 इकाइयों को चेकलिस्ट जारी की जा चुकी है, 39 इकाइयों के भवन मानचित्र स्वीकृत किए गए हैं और 15 इकाइयों में निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। सभी आवंटियों को डीपीआर के अनुरूप कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परियोजनाएं समयबद्ध रूप से पूरी हों।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के तहत राज्य सरकार रोजगार, निर्यात और औद्योगिक विकास को प्राथमिकता दे रही है। अपैरल पार्क से हजारों प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार सृजन, रेडीमेड गारमेंट्स के निर्यात में वृद्धि और एमएसएमई इकाइयों को नई पहचान मिलने की संभावना है। शेष 17 भूखंडों के लिए भूमि क्रय की प्रक्रिया जारी है, जिसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।



