अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर यीड़ा का बड़ा प्रहार, चार सौ करोड़ की जमीन कराई अतिक्रमण मुक्त

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीड़ा) ने अपने अधिसूचित क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग और निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सोमवार को बड़ा अभियान चलाया। इस कार्रवाई में करीब एक लाख वर्ग मीटर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 400 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर प्राधिकरण की टीम ने दयानतपुर गांव स्थित खसरा संख्या 463 पर ऐरो ग्रीन सिटी द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराया। इसके साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर जाने वाले 60 मीटर चौड़े मार्ग पर किए जा रहे अवैध निर्माण को भी हटाया गया। इसी क्रम में ग्राम साबौता मुस्तफाबाद के खसरा संख्या 447 और 448 पर बने अवैध निर्माणों पर भी बुलडोजर चला।
ध्वस्तीकरण की इस कार्रवाई के दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार, विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी हरि प्रताप, तहसीलदार मनोज कुमार सिंह, शिवऔतार सिंह तथा थाना प्रभारी जेवर संजय सिंह सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र सिंह ने मौके पर अवैध निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजरों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर कॉलोनी काटने या किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और बिना किसी पूर्व सूचना के निर्माण ध्वस्त किए जाएंगे।
यीड़ा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के नियोजित विकास में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा, ताकि क्षेत्र का विकास नियोजन के अनुरूप सुनिश्चित किया जा सके।



