वेटलैंड दिवस से पहले यूपी को अंतरराष्ट्रीय सम्मान, एटा का पटना पक्षी अभयारण्य बना रामसर साइट

Panchayat 24 | लखनऊ
विश्व वेटलैंड्स दिवस (2 फरवरी) से ठीक पहले उत्तर प्रदेश के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। केंद्र सरकार ने एटा जिले स्थित पटना पक्षी अभयारण्य को अंतरराष्ट्रीय महत्व की आर्द्रभूमि यानी रामसर साइट के रूप में मान्यता प्रदान की है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में रामसर स्थलों की संख्या 10 से बढ़कर 11 हो गई है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
उल्लेखनीय है कि देश में सर्वाधिक रामसर साइट्स तमिलनाडु में हैं, जबकि उत्तर प्रदेश इस सूची में दूसरे स्थान पर है।
108.86 हेक्टेयर में फैला जैव विविधता का केंद्र
एटा जनपद की जलेसर तहसील के पटना गांव के नाम पर स्थापित यह पक्षी अभयारण्य 108.86 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विस्तारित है। वर्ष 1990 में इसे अभयारण्य घोषित किया गया था। यहां एक लाख से अधिक जल-पक्षियों को संरक्षण देने की क्षमता है। सर्दियों के मौसम में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी यहां डेरा डालते हैं। यह स्थल अब तक 178 प्रजातियों के पक्षियों और 252 से अधिक वनस्पति प्रजातियों का सुरक्षित आश्रय बना हुआ है।
दुर्लभ जल-पक्षियों की महत्वपूर्ण शरणस्थली
पटना पक्षी अभयारण्य नियमित रूप से 44 से अधिक जल-पक्षी प्रजातियों और चार प्रमुख आर्द्रभूमि पक्षियों—सरकिडियोर्निस मेलानोटस, अनहिंगा मेलानोगास्टर, मारेका स्ट्रेपेरा और एंसर एंसर—की वैश्विक आबादी के 1 प्रतिशत से अधिक हिस्से को संरक्षण प्रदान करता है। गर्मियों में जब आसपास की आर्द्रभूमियां सूख जाती हैं, तब यही झील सारस क्रेन के लिए सुरक्षित ठिकाना बनती है। इसके अलावा नीलगाय, सियार, मॉनिटर छिपकली, जंगली बिल्ली और साही जैसे जीव भी यहां पाए जाते हैं। अभयारण्य परिसर में स्थित प्राचीन शिव मंदिर इसे धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी प्रदान करता है।
नेतृत्व की सराहना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत की पर्यावरण संरक्षण नीति को वैश्विक पहचान मिल रही है। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस उपलब्धि को जैव विविधता संरक्षण के प्रति देश की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम कदम है।
विश्व वेटलैंड्स दिवस का आयोजन ललितपुर में
योगी सरकार के निर्देशन में 2 फरवरी को विश्व वेटलैंड्स दिवस ललितपुर के देवगढ़ स्थित महावीर स्वामी वन्यजीव विहार में मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम है— “आर्द्रभूमि और पारंपरिक ज्ञान: सांस्कृतिक विरासत का उत्सव”। कार्यक्रम का शुभंकर रेड-बिल्ड वल्चर रखा गया है।



