बिन दुल्हा बारात : उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का अभी पता नहीं, बधाई देने वाले कार्यकर्ताओं का लखनऊ में जमवाड़ा शुरु
A wedding procession without the groom: The whereabouts of the Uttar Pradesh BJP president are still unknown, but party workers have started gathering in Lucknow to offer congratulations.

डॉ देवेन्द्र कुमार शर्मा
Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : क्या बिना दुल्हे के बारात की कल्पना हो सकती है ? उत्तर प्रदेश भाजपा में बिना दुल्हा बारात की तैयार चल रही है। भले ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा 14 दिसंबर को होनी है, लेकिन प्रदेश भर से कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचने शुरू हो गए हैं। अध्यक्ष पद के लिए जिसके नाम की घोषणा होगी, उसी के हाथ में गुलदस्ता और गले में फूलों का हार पहनाने की जोर शोर से तैयारी है।
दरअसल, भाजपा ने लंबे इंतजार के बार आखिरकार उत्तर प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में सरगर्मी बढ़ गई है। इसके पीछे बड़ी वजह कई जिलों की अधूरी कार्यकारिणी अथवा नई कार्यकारिणी होना है। प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के बाद जल्द ही इनकी घोषणा होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश कार्यकारिणी में भी बड़े स्तर पर फेरबदल होना तय है। जो कार्यकर्ता जिले से लेकर प्रदेश के पार्टी संगठन में अपने समायोजन की जोड़ तोड़ में जुटे हैंं।
कार्यकर्तापार्टी में अपने आकाओं के साथ पार्टी के दूसरे प्रभावशाली नेताओं को भी अपने पक्ष में प्रभावित करने की जुगत में लगे हुए हैं। ऐसे में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव उनके लिए महत्वपूर्ण अवसर है। प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा के साथ ही ऐसे पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए तस्वीर साफ हो जाएगी कि उनके समायोजन में कौन पार्टी नेता उनकी मजबूत पैरवी कर सकेगा ? किस पार्टी अथवा संगठन के नेता का प्रदेश अध्यक्ष से सीधा संबंध है ? ऐसे लोगों से संपर्क कर पार्टी कार्यकर्ता भविष्य में अपने लिए संभावनाएं तलाशने में जुट जाएंगे।
वैसे गौतम बुद्ध नगर से भी कई पार्टी कार्यकर्ता बिना दुल्हे की बारात में बराराती बनने लखनऊ जा चुके हैं अथवा जाने की तैयारी में जुटे हैं। अर्थात दुल्हा कोई हो, बधाई वही होगी। अपने पक्ष का व्यक्ति प्रदेश अध्यक्ष बना तो बेहतर है वरना जिस गुलदस्ते को घोषित किए गए प्रदेश अध्यक्ष के के हाथों में सौंते समय एक सुन्दर फोटो क्लिक कराकर वापस घर लौट आएंगे।



