दादरी विधानसभा

गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर भाजपा की जीत में पार्टी के दिग्‍गजों की मेहनत का दिखा असर, अपने बूथों पर रहे अव्‍वल

The hard work of the party's stalwarts was reflected in BJP's victory in Gautam Buddh Nagar Lok Sabha seat, they were at the top at their booths

Panchayat 24 : गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड जीत दर्ज की है। भारतीय जनता पार्टी उम्‍मीदवार डॉ महेश शर्मा ने यहां समाजवादी पार्टी उम्‍मीदवार डॉ महेन्‍द्र सिंह नागर को 5.60 लाख वोटों से चुनाव हराया है। मतों के अंतर के लिहाज से यह पूरे प्रदेश में सबसे बड़ी जीत है। इस लिहाज से भी यह जीत ऐतिहासिक हो जाती है जब उत्‍तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि डॉ महेश शर्मा एवं भारतीय जनता पार्टी की इस जीत के पीछे डॉ महेश शर्मा पर संगठन का मजबूत विश्‍वास, उनका रणनीतिक कौशल, चुनावी प्रबंधन, लोकसभा सीट की नब्‍ज की समझ एवं राजनीतिक क्षमता प्रमुख कारण रहे हैं। इसके बावजूज एक टीम वर्क के रूप में इस जीत में भाजपा के कुछ दिग्‍गज नेताओं की अहम भूमिका रही है। उन्‍होंने न केवल चुनाव प्रचार कर लोगों के बीच भारतीय जनता पार्टी एवं डॉ महेश शर्मा के पक्ष में लोगों को जोड़े रखने का काम किया है। वहीं, अपने गढ़ में भाजपा के पक्ष में सर्वाधिक मतदान कराकर विरोधी उम्‍मीदवारों के मनसूबों पर पानी फेरा है।

दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर

भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत में अहम योगदान देने वालों में  दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर का बड़ा नाम है। तेजपाल सिंह नागर ने 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में भारी विरोध के बावजूद बड़ी जीत दर्ज की थी। उनकी जीत प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी जीत बनी थी। ऐसे में लोकसभा चुनाव में दादरी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में विधानसभा चुनाव वाला प्रदर्शन दोहराने की उनके ऊपर बड़ी चुनौती थी, विशेषकर देहात क्षेत्र में। चुनाव परिणाम से स्‍पष्‍ट हो गया है कि तेजपाल सिंह नागर इस कसौटी पर खरे उतरे हैं। उनके नेतृत्‍व में दादरी विधानसभा में भाजपा ने बंपर मत हासिल किए हैं। इस चुनाव में दो साल पूर्व हुए विधानसभा चुनाव की अपेक्षा भाजपा के पक्ष में 33,391 वोट अधिक मिले हैं। वहीं, उनके  पैतृक गांव आकिलपुर जहांगीर में भी भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की है। यहां भाजपा ने कुल 474 वोट हासिल किए हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी उम्‍मीदवार महेन्‍द्र सिंह नागर को कुल 163 वोट ही मिल सके हैं। जबकि बसपा उम्‍मीदवार को यहां 10 वोट मिले हैं।

शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा 

भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत में शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा की भूमिका बहुत अहम रही है। श्रीचंद शर्मा का समाज में काफी प्रभाव हैं। लोग के बीच उनका काफी प्रभाव है। ब्राह्मण समाज में उनकी बातों को काफी तवज्‍जो दी जाती है। इसके अतिरिक्‍त वह भारतीय जनता पार्टी के पुराने एवं समर्पित कार्यकर्ता हैं। उनकी संगठनात्‍मक सूझबूझ का लोहा पार्टी के वरिष्‍ठ नेता एवं कार्यकर्ता भी मानते हैं। कई मौकों पर उन्‍होंने अपनी राजनीतिक क्षमता को साबित भी किया है। ग्रामीण क्षेत्रों और दादरी नगर में उनके प्रयासों का असर भी दिखा है। यहां पार्टी ने विरोधी दलों की अपेक्षा भारी संख्‍या में वोट हासिल किए हैं। श्रीचंद शर्मा के पैतृक गांव धूम मानिकपुर में भारतीय जनता पार्टी को मिले वोटों से भी उनके लोगों के बीच प्रभाव का पता चलता है। यहां भारतीय जनता पार्टी ने कुल 21 सौ वोट हासिल किए हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी न को यहां कुल 693 वोट मिले हैं जबकि बहुजन समाज पार्टी को महज 433 वोट मिले हैं।

एमएलसी नरेन्‍द्र सिंह भाटी

गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्‍याशी डॉ महेश शर्मा की जीत में एमएलसी नरेन्‍द्र सिंह भाटी के योगदान को नजरंदाज नहीं किया जा सकता है। नरेन्‍द्र सिंह भाटी वर्तमान में पश्चिम उत्‍तर प्रदेश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक माने जाते है। जानकारों का मानना है कि राजस्‍थान, हरियाणा, पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश सहित प्रदेश की कई सीटों पर जिस मुद्दे ने भाजपा को बड़ा नुकसान पहुंचाया है, उससे गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट अछूती रही हैं। परिस्थितियों को भाजपा के  पक्ष में सुधारने में  नरेन्‍द्र सिंह भाटी की अहम भूमिका रही है। उन्‍होंनें दादरी, सिकन्‍द्रबाद सहित विशेष तौर पर जेवर और खुर्जा विधानसभाओं में भाजपा के पक्ष में जिस तरह से माहौल बनाया, उसका असर चुनाव परिणाम में साफ दिखाई दिया। इतना हीं नहीं, उनके पैतृक गांव बोड़ाकी चमरावली में भी उन्‍होंने भारतीय के पक्ष में भारी मतदान कराने में कामयाबी हासिल की है। ऐसा बहुत कम हुआ है जब बोड़ाकी में भारतीय जनता पार्टी चुनाव में बड़ी पार्टी बनी हो। इस बार यहां भारतीय जनता पार्टी को 716 वोट हासिल हुए हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी उम्‍मीदवार को 389 और बहुजन समाज पार्टी उम्‍मीदवार को महज 64 वोट मिले हैं।

दादरी नगरपालिका अध्‍यक्ष गीत पंडित

दादरी नगर में भारतीय जनता पार्टी का कब्‍जा है। गीता पंडित नगरपालिका अध्‍यक्ष है। जिले की राजनीति में दादरी नगरपालिका की अहम भूमिका रही है। ऐसे में लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्‍याशी डॉ महेश शर्मा के पक्ष में न केवल चुनाव प्रचार करके माहौल बनाने की बड़ी जिम्‍मेवारी गीता पंडित पर थी। वहीं, चुनाव में नगर की जनता के बीच उनकी पकड़ और असर की भी परीक्षा थी। चुनाव परिणाम से पता चलता है कि गीता पंडित इस कसौटी पर खरी उतरी हैं। दादरी नगरपालिका के 80 बूथों पर भारतीय जनता पार्टी उम्‍मीदवार को कुल 17619 वोट मिले हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी उम्‍मीदवार को 14781 और बहुजन समाज पार्टी उम्‍मीदवार को 3233 वोट मिले हैं। चुनाव परिणाम से स्‍पष्‍ट होता है कि नगर के मुस्लिम बाहुल्‍य बूथों पर जमकर वोट पड़े हैं।

गौतम बुद्ध नगर भाजपा जिलाध्‍यक्ष गजेन्‍द्र मावी

गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर भाजपा के जिलाध्‍यक्ष गजेन्‍द्र मावी के कंधों पर पार्टी संगठन की अहम जिम्‍मेवारी थी। चुनाव परिणाम इस बात की ओर संकेत करते हैं कि उन्‍होंने अपनी जिम्‍मेवारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उन्‍होंने जहां दादरी एवं जेवर विधानसभाओं पर पार्टी संगठन पर पैनी नजर रखते हुए कार्यकर्ताओं को कुशलतापूर्वक दिशा निर्देश देते हुए सफलतापूर्वक उनकी क्षमताओं का उपयोग किया। वहीं, अपने पैतृक गांव बिरौंडी चक्रसेनपुर में भी पार्टी को भारी वोटों से जितवाने में कामयाबी हासिल की। यहां भारतीय जनता पार्टी उम्‍मीदवार डॉ महेश शर्मा के पक्ष में कुल 949 वोट पड़े। वहीं, समाजवादी पार्टी उम्‍मीदवार डॉ महेन्‍द्र सिंह नागर को 319 और बहुजन समाज पार्टी उम्‍मीदवार राजेन्‍द्र सिंह सोलंकी को 410 वोट हासिल हुए।

सतेन्‍द्र सिंह सिसौदिया के गांव में कड़े मुकाबले में हार गई भाजपा

भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम उत्‍तर प्रदेश अध्‍यक्ष सतेन्‍द्र सिंह सिसोदिया के गांव में भारतीय जनता पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में भारतीय जनता पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। दरअसल, सतेन्‍द्र सिसौदिया के ऊपर दूसरे लोकसभा सीटों पर पार्टी की कई अहम जिम्‍मेवारियां थी। ऐसे में वह गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर बहुत अधिक समय नहीं दे सके। फिर भी, अपने व्‍यस्‍त कार्यक्रम में से समय निकालकर उन्‍होंने पार्टी उम्‍मीदवार के पक्ष में माहौल बनाया। राजपूत समाज में भारतीय जनता पार्टी के विरोध में पैदा हो रहे असंतोष एवं नाराजगी को नियंत्रित करने की कठिन चुनौती थी। चुनाव परिणाम इस बात की पुष्टि करते हैं कि उन्‍होंने इस चुनौती से पार पाने का उन्‍होंने भरसक प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं मिली। उनके पैतृक गांव प्‍यावली ताजपुर में भारतीय जनता पार्टी प्रत्‍याशी को कुल 717 वोट मिले हैं। वहीं, बहुजन समाज पार्टी उम्‍मीदवार को कुल 718 वोट मिले और यहां भाजपा प्रत्‍याशी को महज 1 वोट से हार का सामना करना पड़ा। जबकि समाजवादी पार्टी उम्‍मीदवार को यहां कुल 180 वोट मिले हैं।

Related Articles

Back to top button